वार्ड 11 और 13 में 81.96 लाख रुपये से होंगे सड़क निर्माण कार्य, क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नगर निगम क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के अभियान के तहत महापौर दीपक बाली ने वार्ड संख्या 13 के टांडा उज्जैन पश्चिमी और वार्ड संख्या 11 के फसियापुरा में छह सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों पर कुल 81 लाख 96 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने महापौर का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने जनता से किया वादा पूरा किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति देने की बात कहते हुए महापौर दीपक बाली ने कहा कि काशीपुर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनका संकल्प है। उनका प्रयास है कि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और शहर के विकास को निरंतर गति मिलती रहे।
वार्ड संख्या 13, टांडा उज्जैन पश्चिमी में 26 लाख 39 हजार रुपये की लागत से तीन निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इनमें राजेश चौधरी के घर से चौहान साहब के मकान तक पीसीसी टाइल्स सड़क व नाली निर्माण, कवि नगर में राजपाल सिंह के मकान से उदय प्रकाश सिसोदिया के मकान तक पीसीसी टाइल्स सड़क व नाली निर्माण तथा संजय चौहान के मकान से राजेश कुमार यादव के मकान तक टाइल्स सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।
वहीं, वार्ड संख्या 11, फसियापुरा में 55 लाख 57 हजार रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इनमें छीना फॉर्म में पुराने खड़ंजे से एनपी सिंह के मकान तक तथा संलग्न रास्ते में सतपाल चौहान के मकान तक सीसी सड़क व नाली निर्माण, सुभाष सिंह के मकान से गुरुद्वारे तक पीसीसी टाइल्स सड़क और पुराने खड़ंजे से सुरेंद्र चौहान के मकान तक सड़क निर्माण शामिल है।
शिलान्यास कार्यक्रम में पार्षद गुंजन प्रजापति, ममता सैनी, बूथ अध्यक्ष ऊषा शर्मा, नरसिंह सैनी, राजेंद्र सिंह चौहान, लोकमन सैनी, हर स्वरूप सिंह, मोहित भारद्वाज, वीर सिंह सैनी, अंतरप्रीत सिंह, देव प्रजापति, चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी, विवेक शुक्ला, घनश्याम सैनी, संतोष कुमार सक्सेना और जिला मंत्री महेंद्र सिंह समेत अनेक लोग मौजूद रहे।


