फिरोजपुर के अंबेडकर पार्क में सजी भक्ति की महफिल, डांडिया नृत्य ने बांधा समां; श्याम रसोई में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। ग्राम फिरोजपुर के अंबेडकर पार्क में बीती रात ‘हारे का सहारा, खाटू श्याम हमारा’ भजन-कीर्तन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र के हजारों महिला, पुरुष और बच्चों ने भाग लिया। खाटू श्याम के मनमोहक भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। भजन संध्या के बाद आयोजित श्याम रसोई में महापौर दीपक बाली ने स्वयं श्रद्धा भाव से भक्तों को प्रसाद परोसा।
कार्यक्रम के संयोजक महापौर दीपक बाली के पहुंचने पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस दौरान ‘हमारा नेता कैसा हो, दीपक बाली जैसा हो’ के नारे भी लगाए गए। महापौर ने खाटू श्याम जी के चरणों में माथा टेककर नगर और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
भजन संध्या में श्याम सेवक दल के नागेंद्र सूर्यवंशी और उनके साथी महिला एवं पुरुष भजन गायकों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। खाटू श्याम के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। गायकों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, गुजरात के प्रसिद्ध डांडिया नृत्य की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं ने ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा के साथ डांडिया नृत्य कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
भजन संध्या के समापन के बाद श्याम रसोई का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महापौर दीपक बाली ने स्वयं भक्तों को भोजन परोसकर सेवा भाव का परिचय दिया। श्रद्धालुओं ने भजन संध्या और श्याम रसोई के आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार जताया।
कार्यक्रम में पार्षद विजय कुमार बॉबी, वरिष्ठ भाजपा नेता गुरबख्श सिंह बग्गा, भाजपा जिला प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश चावला, ग्राम प्रधान लोकेश, उपप्रधान उमेश, सोनू गौतम, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रवि ढींगरा, राजवीर, वार्ड सदस्य जसपाल, नगर निगम के एसआई दिनेश ध्यानी, जय सिंह गौतम, निमिष सिंह, बलबीर चौहान, प्रमोद यादव, महंत जी, अमित सिंह चौहान, विवेक शर्मा और विपुल चौहान सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ कमाया।



