प्रगति कॉलेज ऑफ फार्मेसी में खेल दिवस की धूम, विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

जसपुर विधायक आदेश चौहान ने किया शुभारंभ, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। जसपुर रोड स्थित अनाज मंडी के पीछे प्रगति कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड पैरामेडिकल साइंसेज में शनिवार, 24 अक्टूबर को खेल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

खेल दिवस का शुभारंभ मुख्य अतिथि जसपुर विधायक आदेश चौहान एवं वार्ड नंबर 12 के पार्षद अब्दुल कादिर ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट के माध्यम से अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया। इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
प्रतियोगिताओं के अंतर्गत खो-खो, लॉन्ग जंप, दौड़, टग ऑफ वॉर, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल और बैडमिंटन सहित कई खेल आयोजित किए गए। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। विद्यार्थियों ने खेल कौशल, मेहनत और टीमवर्क के दम पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सूरज कुमार को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन एवं वरिष्ठ सर्जन डॉ. नरेश चौहान ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम के साथ मिलकर काम करने की सीख भी देते हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में कॉलेज की निदेशक डॉ. तनु चौहान, प्राचार्या आकांक्षा चौहान स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अलवीना रहमान, विजय, शबनम, देवेश, गुलफशा सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। खेल दिवस ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

खेलों से निखरती है प्रतिभा और मजबूत होता है आत्मविश्वास : डॉ. तन्नू चौहान

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। प्रगति कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड पैरामेडिकल साइंसेज की निदेशक डॉ. तन्नू चौहान ने खेल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता भी विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। खेल जीवन में संघर्ष करने, चुनौतियों का सामना करने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देते हैं। जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन सच्ची सफलता खेल भावना, ईमानदारी और निरंतर मेहनत में निहित है।
डॉ. चौहान ने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अपनी छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम : डॉ. नरेश चौहान

काशीपुर(काशीपुर वार्ता)। प्रगति कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड पैरामेडिकल साइंसेज के चेयरमैन एवं वरिष्ठ सर्जन डॉ. नरेश चौहान ने खेल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। खेल हमें जीत में विनम्रता और हार में धैर्य बनाए रखने की सीख देते हैं। जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच आवश्यक है, जो खेलों के माध्यम से भी विकसित होती है।
डॉ. चौहान ने कहा कि कॉलेज का प्रयास विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे एक कुशल पेशेवर बनने के साथ जिम्मेदार नागरिक भी बन सकें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

👁 997 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *