प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने स्वरचित कविता के माध्यम से बच्चों को दिया स्नेह और आशीर्वाद
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर में शनिवार, 14 नवंबर को बाल दिवस हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों के लिए मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदना के साथ हुआ। इसके बाद शिक्षकों ने मधुर गीत, आकर्षक नृत्य, रोचक प्रश्नोत्तरी, लघु नाटिका एवं कविता की शानदार प्रस्तुतियां दीं। शिक्षकों को विद्यार्थियों के बीच एक अलग अंदाज में प्रस्तुति देते देख बच्चों में विशेष उत्साह नजर आया। विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सभी प्रस्तुतियों का स्वागत किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और उत्साह को देखकर उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से विद्यार्थियों के प्रति स्नेह, प्रेम और आशीर्वाद व्यक्त किया। अपने प्रेरणादायी संदेश में उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के परिवार की तरह होता है, जहां शिक्षक उनके भविष्य को संवारने के साथ ही उनके व्यक्तित्व और जीवन की मजबूत नींव तैयार करते हैं। बाल दिवस के अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं की ओर से विद्यार्थियों के लिए विशेष पार्टी का भी आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेने के साथ संगीत और नृत्य के बीच जमकर मस्ती की। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने विद्यार्थियों को उपहार वितरित किए। समूचा विद्यालय परिसर प्रेम, अपनत्व और उल्लास के रंगों से सराबोर नजर आया। शिक्षकों की आत्मीयता और मनोरंजक प्रस्तुतियों ने बाल दिवस के इस आयोजन को विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय बना दिया।
विद्यालय की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यालय की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल ने बाल दिवस के अवसर पर सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि समाज की सबसे अनमोल धरोहर हैं। उनके चेहरे की मुस्कान, उनकी जिज्ञासा और सपने ही एक बेहतर कल की उम्मीद हैं। बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में असीम प्रतिभा छिपी होती है, जरूरत है उसे पहचानने, प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की। विद्यालय का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा निखारते हुए जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करे। उन्होंने सभी बच्चों को खूब आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया।



