आरना ने 652 अंक के साथ AIR 1278 और आदित्य सती ने 610 अंक के साथ AIR 4025 हासिल की, विद्यालय में खुशी की लहर
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। लिटिल स्कॉलर्स, काशीपुर के दो मेधावी विद्यार्थियों आरना एवं आदित्य सती ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय, अपने अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का माहौल है।
विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा आरना ने 720 में से 652 अंक प्राप्त करते हुए 99.9336 परसेंटाइल हासिल की। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1278 तथा जनरल कैटेगरी रैंक 725 प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया। विषयवार प्रदर्शन में उन्होंने बायोलॉजी में 99.8973 परसेंटाइल, केमिस्ट्री में 99.9853 परसेंटाइल तथा फिजिक्स में 99.5562 परसेंटाइल अर्जित किए।
वहीं विद्यालय के होनहार छात्र आदित्य सती ने 610 अंक प्राप्त कर 99.7946 परसेंटाइल हासिल की और ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4025 प्राप्त की। आदित्य ने बायोलॉजी में 99.2798 परसेंटाइल, केमिस्ट्री में 99.9923 परसेंटाइल तथा फिजिक्स में 99.8983 परसेंटाइल प्राप्त कर अपनी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट तैयारी का परिचय दिया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या शिखा गौतम ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों विद्यार्थी भविष्य में सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे और विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने भी दोनों विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि लिटिल स्कॉलर्स की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और उत्कृष्ट मार्गदर्शन का प्रमाण है। प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि आरना और आदित्य की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।



