चामुंडा हॉस्पिटल के प्रबंधक एवं वरिष्ठ लैप्रोस्कोपिक सर्जन को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। उत्तराखंड शासन के आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग ने जिला विकास प्राधिकरण अल्मोड़ा में सदस्य के रूप में डॉ. यशपाल सिंह रावत को नामित किया है। शासन की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार उन्हें अन्यथा पात्र होने की स्थिति में प्राधिकरण का सदस्य नामित किया गया है। डॉ. यशपाल सिंह रावत मूल रूप से ग्रामसभा कौतिणा, मुनड़ा, जनपद अल्मोड़ा के निवासी हैं। वर्तमान में वह काशीपुर स्थित चामुंडा हॉस्पिटल के प्रबंधक एवं वरिष्ठ लैप्रोस्कोपिक सर्जन के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। चिकित्सा क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले डॉ. रावत को जिला विकास प्राधिकरण अल्मोड़ा में सदस्य नामित किए जाने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। शासन के इस निर्णय को अल्मोड़ा जनपद के विकास से जुड़े कार्यों में उनकी सहभागिता की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस जिम्मेदारी के माध्यम से उन्हें क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर अपने अनुभव एवं सुझाव साझा करने का अवसर मिलेगा। नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. यशपाल सिंह रावत ने उत्तराखंड शासन एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण अल्मोड़ा के सदस्य के रूप में नामित किया जाना उनके लिए सम्मान और गौरव की बात है। वह इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही अल्मोड़ा जनपद के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में अपनी ओर से हरसंभव योगदान देने का प्रयास करेंगे।
डॉ. यशपाल रावत के मनोनयन पर उनके शुभचिंतकों, परिचितों एवं सहयोगियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।


