टचवुड स्कूल की कॉमर्स छात्रा ने क्षेत्र और विद्यालय का बढ़ाया मान, भविष्य में बनना चाहती हैं सीए
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा 12वीं का परीक्षा परिणाम 25 अप्रैल 2026 को घोषित किए जाने के साथ ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। घोषित परीक्षा परिणाम में काशीपुर के टचवुड स्कूल की मेधावी छात्रा भावना ने शानदार सफलता अर्जित कर विद्यालय समेत पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कॉमर्स वर्ग की प्रतिभाशाली छात्रा भावना ने 500 में से 449 अंक प्राप्त कर 89.8 प्रतिशत अंक हासिल किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद विद्यालय परिवार, परिजनों और क्षेत्रवासियों ने छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भावना ग्राम बैंतवाला निवासी देवेंद्र कुमार की होनहार पुत्री हैं। सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा नियमित अध्ययन को दिया। भावना ने बताया कि उन्होंने समयबद्ध योजना के साथ पढ़ाई की और कठिन विषयों पर विशेष ध्यान दिया। उनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। भावना ने अपनी भविष्य की महत्वाकांक्षा साझा करते हुए कहा कि वह आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनना चाहती हैं और वित्तीय क्षेत्र में उत्कृष्ट पहचान बनाना चाहती हैं। उनकी इस उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी। भावना की माता गृहिणी हैं, जिन्होंने घर पर अनुकूल वातावरण देकर बेटी का मनोबल बढ़ाया, जबकि पिता देवेंद्र कुमार दवा व्यवसायी हैं। परिवार ने बेटी की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि भावना ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने भी भावना की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रा की निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भावना ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। भावना की इस सफलता से ग्राम बैंतवाला एवं काशीपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं।
