कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट में ‘स्वस्थ बचपन, फलों के संग’ कार्यक्रम का आयोजन

नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, कविताओं और प्रस्तुतियों से बताया फलों का महत्व, ताजे फल वितरित किए गए

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट में किंडरगार्टन के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा “स्वस्थ बचपन, फलों के संग” कार्यक्रम बड़े उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा फलों के महत्व के प्रति जागरूक करना था। शनिवार को कार्यक्रम की शुरुआत रंग-बिरंगे फलों की आकर्षक प्रदर्शनी से हुई, जिसमें बच्चों ने सेब, केला, संतरा, अंगूर सहित विभिन्न फलों की जानकारी प्रस्तुत की। नन्हे विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ फलों के गुण बताए और सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर बच्चों ने छोटे-छोटे गीत, कविताएं और रोचक प्रस्तुतियां देकर स्वस्थ भोजन के महत्व को सरल एवं मनोरंजक ढंग से समझाया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह को देखकर उपस्थित अभिभावक एवं शिक्षकगण भावविभोर नजर आए। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संतुलित आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के दैनिक भोजन में ताजे फलों को अवश्य शामिल करें, ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सके।

विद्यालय के प्रबंधक डॉ अनिल कुमार सक्सेना ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार नितांत आवश्यक है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को विभिन्न प्रकार के ताजे फल वितरित किए गए। इस आयोजन ने बच्चों को न केवल अच्छी आदतों की सीख दी, बल्कि उनके आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय प्रबंधन की देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य एवं किंडरगार्टन के नन्हे-मुन्ने बच्चे उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *