कशीपुर के सुप्रसिद्ध ज्ञानार्थी कॉलेज में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस

काशीपुर के सात वरिष्ठ शिक्षाविदों को मिला ‘ज्ञानार्थी शिक्षक गौरव सम्मान-2026’

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। शिक्षक दिवस के अवसर पर ज्ञानार्थी कॉलेज में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि हेरिटेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं दी संस्कार स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल अग्रवाल रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरुजनों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने गुरु-शिष्य परंपरा तथा शिक्षकों के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान की भावना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। सम्मानित शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निरंतर सीखने, कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान देने वाले काशीपुर के सात वरिष्ठ शिक्षाविदों को ‘ज्ञानार्थी शिक्षक गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाना रहा। इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य लक्ष्मी प्रसाद गहतौड़ी, पूर्व प्राचार्य जेपी अग्रवाल, पूर्व रसायन विज्ञान शिक्षक शेष कुमार सितारा, पूर्व प्रवक्ता महेश चंद जोशी, पूर्व अंग्रेजी प्रवक्ता एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आसिफ हुसैन, गणित के पूर्व प्रवक्ता आलोक पंत तथा उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के प्राचार्य बृजेश कुमार गुप्ता को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘ज्ञानार्थी शिक्षक गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। ज्ञानार्थी कॉलेज की ओर से दिया गया यह सम्मान उन शिक्षाविदों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक रहा, जिन्होंने अपने ज्ञान, अनुभव और समर्पण से विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के साथ शिक्षा जगत को समृद्ध किया। समारोह का वातावरण पूरे समय उत्साह, उमंग और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना से सराबोर रहा। इस अवसर पर इंस्टिट्यूशनल हेड प्रतिमा सिंह, अकेडमिक डॉयरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा, रजिस्ट्रार सतीश कांडपाल समेत समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राए मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि राहुल अग्रवाल ने किया शिक्षकों के योगदान को नमन

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। मुख्य अतिथि राहुल अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल विषय का ज्ञान देने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र और सोच को भी दिशा प्रदान करते हैं। शिक्षक की दी हुई सीख विद्यार्थी के जीवन में लंबे समय तक मार्गदर्शक की भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि शिक्षक ही जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ उठाने तथा निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया। राहुल अग्रवाल ने वरिष्ठ शिक्षाविदों को सम्मानित करने की पहल के लिए ज्ञानार्थी कॉलेज प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि समाज में शिक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले शिक्षकों का सम्मान करना गौरव की बात है।

चेयरमौन संतोष मेहरोत्रा एवं सचिव शिवानी मेहरोत्रा ने किया अतिथियों का स्वागत

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। शिक्षक दिवस समारोह में पहुंचे सभी सम्मानित अतिथियों, शिक्षाविदों और शिक्षकों का स्वागत ज्ञानार्थी कॉलेज के चेयरमैन संतोष मेहरोत्रा एवं सचिव शिवानी मेहरोत्रा ने किया। कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि भारतीय समाज में शिक्षक का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है। शिक्षक विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और जीवन मूल्यों की सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि एक बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव तैयार करने में शिक्षकों का योगदान अतुलनीय है। वरिष्ठ शिक्षाविदों को सम्मानित करना नई पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायी है। प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपने गुरुजनों के योगदान को समझने तथा उनका सम्मान करने की प्रेरणा देते हैं। समारोह में उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने कॉलेज की इस पहल की सराहना की।

 

👁 1,410 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *