सीबीएसई आरपी मीट में कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल सम्मानित

शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान पर ‘श्रेष्ठ संसाधन व्यक्ति’ का खिताब, शिक्षक प्रशिक्षण और शैक्षणिक उन्नयन में सराहनीय भूमिका

काशीपुर (कशीपुर वार्ता) । शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट, काशीपुर के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल को सीबीएसई के उत्कृष्टता केंद्र, देहरादून द्वारा आयोजित आरपी (रिसोर्स पर्सन) मीट में ‘श्रेष्ठ संसाधन व्यक्ति’ के रूप में सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित सम्मान ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे काशीपुर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। कार्यक्रम के दौरान प्रतीक गोयल को प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान कर शिक्षक प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हेतु उनके निरंतर प्रयासों की सराहना की गई। उनके नेतृत्व में शिक्षकों के पेशेवर विकास को नई दिशा मिली है, जिससे विद्यार्थियों के समग्र विकास में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीबीएसई के निदेशक (प्रशिक्षण) मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे समर्पित शिक्षाविद् शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, सीबीएसई के संयुक्त निदेशक एवं उत्कृष्टता केंद्र, देहरादून के प्रमुख मनीष कुमार त्यागी ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रतीक गोयल ने इसे शिक्षकों के सशक्तिकरण, सतत व्यावसायिक विकास और शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अकेले उनकी नहीं, बल्कि पूरे शिक्षकीय समुदाय की है, जो निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रयासरत है। उन्होंने इस सम्मान के लिए सीबीएसई एवं उत्कृष्टता केंद्र, देहरादून का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधक एवं अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार सक्सेना का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। प्रतीक गोयल ने भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण और नवाचार के साथ कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।

प्रतीक गोयल का सम्मान संस्थान के लिए गर्व: डॉ. अनिल सक्सेना

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल को ‘श्रेष्ठ संसाधन व्यक्ति’ के रूप में मिले सम्मान पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल संस्थान बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने कहा कि प्रतीक गोयल ने शिक्षक प्रशिक्षण, शैक्षणिक गुणवत्ता और नवाचार के क्षेत्र में जो कार्य किए हैं, वे सराहनीय और प्रेरणादायक हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय लगातार प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी विद्यालय की टीम इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगी और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *