सहायक गन्ना आयुक्त ने निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के सहायक गन्ना आयुक्त आशीष नेगी ने गन्ना विकास परिषद काशीपुर परिक्षेत्र में चल रहे गन्ना सर्वेक्षण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वेक्षण कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। गन्ना विकास परिषद काशीपुर के एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि उनके तथा सचिव प्रभारी गन्ना समिति काशीपुर द्वारा भी समय-समय पर सर्वेक्षण कार्यों का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण में गन्ना पर्यवेक्षकों का कार्य संतोषजनक पाया गया। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सर्वेक्षण कार्य पूर्ण कराना विभाग की प्राथमिकता है। निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने क्षेत्र के किसानों से मुलाकात कर विभागीय योजनाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। किसानों से अपने-अपने गन्ना सर्वेक्षण की पुष्टि हेतु संबंधित गन्ना पर्यवेक्षक से संपर्क करने का आग्रह किया गया। सचिव प्रभारी ने बताया कि किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र ही उनके खातों में भेजा जा रहा है तथा चीनी मिलों द्वारा भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण कर दी गई है। इस अवसर पर सहायक गन्ना आयुक्त आशीष नेगी, एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी, सुरेंद्र सिंह, दीपक कुमार शर्मा, मोहित कुमार सिंह और प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





