रिनेसां कॉलेज में शिक्षक दिवस पर भव्य रंगारंग कार्यक्रम आयोजित

छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां, शिक्षकों के सम्मान में आयोजित हुईं विभिन्न फन एक्टिविटीज

रामनगर (कशीपुर वार्ता)। शिक्षक दिवस के अवसर पर रिनेसां कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट में छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों के सम्मान में रंगारंग समारोह का आयोजन किया। उत्सव और कृतज्ञता से परिपूर्ण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपने सम्मान, प्रेम और आभार का भाव व्यक्त किया। समारोह कॉलेज सभागार में उत्साह और उमंग के वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रबंध निदेशक आलोक गुसाई एवं निदेशक कुणाल मदान ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वक्ताओं ने उनके जीवन, शिक्षा एवं दर्शन के क्षेत्र में योगदान पर प्रकाश डालते हुए शिक्षक के महत्व पर चर्चा की। बताया गया कि डॉ. राधाकृष्णन ने लंबे समय तक तुलनात्मक धर्म और दर्शन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया।

संस्थान के निदेशक कुणाल मदान ने सभी शिक्षकों का अभिवादन करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कार्य अपने आप में ही एक पुरस्कार है, इसलिए सदैव क्रियाशील बने रहें। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, मेहनत करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कर्म के प्रति समर्पण से जीवन निश्चित रूप से बेहतर बनाया जा सकता है।

समारोह में छात्र-छात्राओं ने ग्रुप डांस, कव्वाली, भांगड़ा और गीत गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। वहीं शिक्षकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न फन एक्टिविटीज आयोजित की गईं, जिनमें शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई। आकर्षक सजावट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विद्यार्थियों की आत्मीय भावनाओं ने 5 सितंबर के इस आयोजन को कॉलेज सभागार के यादगार पलों में शामिल कर दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति गहरी कृतज्ञता और सम्मान का संदेश दिया।

शिक्षा और संस्कार से ही बेहतर भविष्य का निर्माण: प्रबन्ध निदेशक आलोक गुसाई

रामनगर (कशीपुर वार्ता)। कॉलेज के प्रबंध निदेशक आलोक गुसाईं ने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व और शिक्षक की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण से लेकर उनके भविष्य को सही दिशा देने तक शिक्षक का योगदान अहम है।
उन्होंने शिक्षण एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में शिक्षक समुदाय की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और अपने कौशल को निखारने के लिए प्रेरित किया। प्रबंध निदेशक आलोक गुसाई ने विद्यार्थियों से उत्कृष्ट पेशेवर बनने के साथ-साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य ज्ञान के साथ बेहतर चरित्र और मजबूत व्यक्तित्व का निर्माण करना है।

 

👁 2,773 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *