आधुनिक और पारंपरिक डिजाइनों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने अतिथियों को किया प्रभावित

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। ज्ञानार्थी कॉलेज में गत दिवस बुधवार को आयोजित फैशन एग्जीबिशन एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम उत्साह, रचनात्मकता और आकर्षक प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, फैशन के प्रति उनकी समझ और नवीन सोच ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का दिल जीत लिया। पूरे आयोजन के दौरान कॉलेज परिसर उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रानी कामाक्षी सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर छावनी चिल्ड्रन एकेडमी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए फैशन प्रोडक्ट, डिजाइन एवं रचनात्मक मॉडलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें भविष्य के लिए नई दिशा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत कॉलेज के अध्यक्ष संतोष मेहरोत्रा, सेक्रेटरी शिवानी मल्होत्रा, संस्थान प्रमुख प्रतिमा सिंह एवं डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा ने बुके एवं शॉल भेंट कर किया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक और पारंपरिक फैशन से जुड़े विभिन्न डिजाइन, परिधान, सजावटी उत्पाद एवं आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे, जहां छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक क्षमता और फैशन डिजाइनिंग कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, प्रस्तुति शैली और नवीन प्रयोग विशेष रूप से सराहनीय रहे। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के मंच विद्यार्थियों को अपनी कला और हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनके व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार की राज्य मंत्री सीमा चौहान, कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल, अंतरराष्ट्रीय एथलीट विजेंद्र चौधरी, अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टर राजीव चौधरी, प्रधानाचार्य डॉ. राधेश्याम तिवारी, एक ओंकार ग्लोबल अकैडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर सुखविंदर सिंह, शिक्षाविद विजय पंत, राधे हरी डिग्री कॉलेज के अध्यक्ष जतिन शर्मा, उद्योगपति देवेंद्र जिंदल, छावनी चिल्ड्रन एकेडमी के प्रधानाचार्य प्रदीप सपरा, जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य मधुमिता बनर्जी, शेरेटन एकेडमी स्कूल जसपुर के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक सिंघल एवं ख्वाहिश एनजीओ की फाउंडर आयुषी नागर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने आयोजन की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सफल आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी गई।
शिक्षा के साथ रचनात्मकता का समन्वय आवश्यक : डॉ. मनोज मिश्रा

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। ज्ञानार्थी कॉलेज के अकेडमिक डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि रचनात्मकता, नवाचार और व्यावहारिक कौशल का विकास भी बेहद आवश्यक है। फैशन एग्जीबिशन जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और आत्मविश्वास को प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों के भीतर नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और पेशेवर दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। डॉ. मिश्रा ने आयोजन में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ने कार्यक्रम को बेहद आकर्षक और सफल बनाया। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा से संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
रचनात्मक मंच विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई पहचान देते हैं : शिवानी मेहरोत्रा

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। ज्ञानार्थी कॉलेज की सचिव शिवानी मेहरोत्रा ने कहा कि विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को सही मंच और प्रोत्साहन मिलना बेहद आवश्यक है। फैशन एग्जीबिशन जैसे आयोजन युवाओं की रचनात्मक सोच, कलात्मक अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास को निखारने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक और सृजनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आज के समय में युवा पीढ़ी नए विचारों और नवाचार के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना रही है, जो अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया। साथ ही उन्होंने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार भी व्यक्त किया।
विद्यार्थियों की रचनात्मकता ही उनकी वास्तविक पहचान : संतोष मेहरोत्रा

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। ज्ञानार्थी कॉलेज के प्रबंधक संतोष मेहरोत्रा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता, आत्मविश्वास और प्रतिभा को मंच प्रदान करना भी उतना ही आवश्यक है। फैशन एग्जीबिशन जैसे आयोजन छात्र-छात्राओं को अपनी कल्पनाशीलता और हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में युवाओं के लिए नवाचार और सृजनात्मक सोच बेहद महत्वपूर्ण है। कॉलेज सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के रचनात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।




