गन्ना आयुक्त ने किसानों की सुनी समस्याएं, विकास कार्यों का लिया जायजा

समय पर भुगतान मिले तो बढ़ेगा गन्ना रकबा : गन्ना आयुक्त

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। गन्ना विकास विभाग एवं चीनी उद्योग के विभागाध्यक्ष तथा आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने काशीपुर परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर गन्ना विकास कार्यों, सर्वेक्षण एवं प्रदर्शन प्लाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों से संवाद कर विभागीय योजनाओं और गन्ना खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली गई।
आयुक्त ने ग्राम घटिया नंबर-1, जैतपुर और ढकिया नंबर-2 में गन्ना प्रदर्शन प्लाटों एवं सर्वेक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों समरपाल सिंह और कुलदीप सिंह चीमा से गन्ना उत्पादन बढ़ाने तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। किसान कुलदीप सिंह चीमा ने बताया कि गन्ना विकास विभाग के सहयोग और प्रयासों से उन्होंने पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पांच एकड़ अधिक क्षेत्र में गन्ने की बुवाई की है। किसानों ने आयुक्त को अवगत कराया कि यदि गन्ने का मूल्य भुगतान समय पर किया जाए तो वे आगामी वर्ष में गन्ने के रकबे में और अधिक वृद्धि कर सकते हैं। इस पर गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने किसानों को अधिक उत्पादन करने तथा उचित मूल्य पर चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को भी किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक गन्ना आयुक्त आशीष नेगी, गन्ना विकास निरीक्षक राकेश कुमार, सचिव प्रभारी सुरेंद्र सिंह, गन्ना विकास निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मौर्य, कुलदीप सिंह चीमा सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

👁 601 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *