एक ओंकार ग्लोबलअकेडमी में फीस विवाद में स्कूल में घुसकर हंगामे का आरोप

गार्ड को धक्का देकर परिसर में घुसने, स्टाफ से अभद्रता व धमकी देने की तहरीर; एक लाख रुपये प्रतिमाह मांगने का भी आरोप

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। बरखेड़ी स्थित एक निजी स्कूल में फीस को लेकर विवाद के बाद कुछ लोगों पर जबरन विद्यालय परिसर में घुसकर हंगामा करने, महिला कर्मचारी से अभद्रता व गाली-गलौज करने तथा स्टाफ और बच्चों को धमकाने का आरोप लगा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कशीपुर स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों संग पहुंच आईटीआई थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जेएस जॉनसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कक्षा छह में पढ़ने वाले एक छात्र के पिता की करीब छह माह की फीस बकाया है। वहीं नर्सरी और कक्षा दो में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के पिता की फीस भी काफी समय से जमा नहीं हुई है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से संबंधित अभिभावकों से फीस जमा करने का आग्रह किया जा रहा था। आरोप है कि इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने विद्यालय में आकर हंगामा करने की धमकी दी थी।
तहरीर के अनुसार 14 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे कुछ लोग सात-आठ अन्य व्यक्तियों तथा एक बंदूकधारी के साथ विद्यालय पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड को धक्का दिया और जबरन परिसर में प्रवेश कर गए। रिसेप्शन पर मौजूद महिला कर्मचारी के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है। प्रधानाचार्य जॉनसन का कहना है कि उस समय विद्यालय में नाबालिग छात्र-छात्राएं मौजूद थीं, जिससे उनमें भय का माहौल पैदा हो गया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हंगामे के दौरान सिखों के गुरु श्री गुरु नानक देव जी के संबंध में भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। विद्यालय परिसर में धार्मिक चित्र के सामने भी अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप है। इसके अलावा शिक्षकों और स्टाफ को जान से मारने की धमकी देने तथा विद्यालय बंद कराने की धमकी दिए जाने की बात भी तहरीर में कही गई है। प्रधानाचार्य जॉनसन ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने 16 सितंबर को भीड़ के साथ विद्यालय पहुंचकर तोड़फोड़ करने की धमकी दी है। वहीं तहरीर में एक व्यक्ति पर विद्यालय प्रबंधन से कथित तौर पर एक लाख रुपये प्रतिमाह की मांग करने का आरोप भी लगाया गया है। प्रधानाचार्य जॉनसन ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

👁 1,122 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *