अवनीत कौर ने खेल प्रतिभा से रोशन किया होली एंजेल पब्लिक स्कूल का नाम

उद्यमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति योजना में ब्लॉक से राज्य स्तर तक उत्कृष्ट प्रदर्शन, मिलेगी ₹2 हजार मासिक छात्रवृत्ति

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल की कक्षा 10वीं की प्रतिभाशाली छात्रा अवनीत कौर ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के दम पर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। अवनीत ने ‘उद्यमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति योजना’ के 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग में ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति अर्जित की है। इस उपलब्धि के तहत अवनीत कौर को ₹2,000 प्रतिमाह छात्रवृत्ति के साथ ही खेल उपकरणों के लिए ₹10,000 वार्षिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति के लिए चयन उसकी खेल प्रतिभा, निरंतर अभ्यास और विभिन्न स्तरों पर किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। अवनीत की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, निदेशक- प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उसे हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह ने कहा कि अवनीत की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। यह उपलब्धि साबित करती है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से विद्यार्थी खेल के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं। विद्यालय ने अवनीत की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पीटीआई राहुल के कुशल प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की भी सराहना की। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि अवनीत भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। अवनीत कौर की यह उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का गौरवपूर्ण प्रमाण है। उसकी सफलता ने विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों में भी खेलों के प्रति उत्साह और आगे बढ़ने की प्रेरणा पैदा की है।

👁 1,118 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *