होली एंजेल पब्लिक स्कूल में श्रद्धा और उल्लास से मनाई जन्माष्टमी

कृष्ण भक्ति में डूबे विद्यार्थी, नृत्य-नाटिका और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

 

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल में गुरुवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष प्रातःकालीन सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी लीलाओं और शिक्षाओं को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के स्वागत संबोधन एवं हिन्दी प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति पर भक्तिमय नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को कृष्णमय बना दिया। विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित शिक्षकों और सहपाठियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रातःकालीन सभा के दौरान Thought for the Day, Word of the Day एवं English News की प्रस्तुति भी की गई। इसके पश्चात यूकेजी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। छोटे बच्चों की मासूम अदाओं और उत्साहपूर्ण प्रस्तुति ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा और उन्हें खूब सराहना मिली। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा पांचवीं से सातवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य-नाटिका एवं विशेष नृत्य प्रस्तुति रही। विद्यार्थियों ने अभिनय, नृत्य और भाव-भंगिमाओं के माध्यम से श्रीकृष्ण के व्यक्तित्व एवं उनके संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर हिन्दी में प्रेरणादायक वक्तव्य भी दिया गया।

निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने दी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं

विद्यालय के निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को सभी को श्रीकॄष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में संबोधित करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्तव्यनिष्ठा, सत्य, प्रेम, अनुशासन और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान की भावना से ओतप्रोत ‘वन्दे मातरम्’ की सामूहिक प्रस्तुति की गई। विद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। पूरा कार्यक्रम अनुशासन, भक्ति और उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुआ।

श्रीकृष्ण की शिक्षाएं विद्यार्थियों के लिए जीवन का मार्गदर्शन : अमित सिंह

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अमित सिंह ने जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्तव्य, अनुशासन, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध भारतीय परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, नृत्य-नाटिका एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रस्तुतियों ने उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को प्रदर्शित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया।

 

👁 1,324 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *