उदीयमान खेल प्रोत्साहन योजना में दि गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल के दो खिलाड़ियों का चयन

अनिकेत पोखरियाल और हार्दिक बिष्ट को मिलेगी ₹10 हजार तक की खेल छात्रवृत्ति, विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। दि गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, जैतपुर कैंपस के लिए गौरव का क्षण है। विद्यालय के दो होनहार युवा खिलाड़ियों अनिकेत पोखरियाल और हार्दिक बिष्ट का चयन उत्तराखंड सरकार की ‘उदीयमान खेल प्रोत्साहन योजना’ के अंतर्गत किया गया है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ स्थानीय खेल जगत में भी खुशी की लहर है। प्रदेश में उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित इस योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को खेल संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए ₹10,000 तक की खेल छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस राशि का उपयोग खेल किट, आवश्यक उपकरण, प्रशिक्षण तथा अभ्यास से संबंधित अन्य जरूरतों के लिए किया जा सकता है। दोनों खिलाड़ियों का चयन जिला स्तर पर आयोजित चयन प्रक्रिया के माध्यम से हुआ। विभिन्न जिलों से प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों ने इसमें प्रतिभाग किया, जिसमें अपने प्रदर्शन और प्रतिभा के दम पर काशीपुर के अनिकेत पोखरियाल एवं हार्दिक बिष्ट ने स्थान बनाया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल दोनों खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि विद्यालय में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी मजबूती प्रदान करती है। विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के चेयरमैन नीरज कपूर ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रोत्साहन दोनों खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन में और निखार लाने तथा भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि अनिकेत पोखरियाल और हार्दिक बिष्ट आने वाले समय में अपनी प्रतिभा के दम पर दि गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर और उत्तराखंड का नाम खेल जगत में रोशन करेंगे।

👁 1,341 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *