शिक्षा और मीडिया जगत के लिए बनेगी सेल्फ केयर टीम

आपात स्थिति में आर्थिक मदद, 200 से अधिक स्कूलों तक पहुंचने का लक्ष्य

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। शिक्षा और मीडिया जगत से जुड़े लोगों को आपात परिस्थितियों में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्याम मॉडर्न सेल्फ केयर टीम नई पहल शुरू करने जा रही है। टीम के संस्थापक अमित कुमार शर्मा ने प्रेसवार्ता में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि काशीपुर और आसपास के क्षेत्र के शिक्षकों, प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों, कर्मचारियों और मीडिया कर्मियों को संगठन से जोड़ा जाएगा।
अमित कुमार शर्मा ने बताया कि संगठन से जुड़े किसी सदस्य की मृत्यु, गंभीर दुर्घटना, हार्ट अटैक अथवा गंभीर हृदय संबंधी समस्या और ब्रेन स्ट्रोक जैसी आपात परिस्थितियों में संबंधित व्यक्ति अथवा उसके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। सहायता राशि सीधे संबंधित व्यक्ति या उसके परिवार के बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिससे पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने बताया कि मीडिया कर्मियों को भी सेल्फ केयर टीम से जोड़ा जाएगा। किसी घटना की वास्तविकता की पुष्टि करने और सहायता के गलत इस्तेमाल को रोकने में स्थानीय पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। संगठन का प्रयास रहेगा कि जरूरतमंद सदस्य तक सहायता पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा सके।
अमित कुमार शर्मा ने कहा कि संगठन का लक्ष्य 31 दिसंबर तक काशीपुर और आसपास के क्षेत्र के 200 से अधिक स्कूलों का भ्रमण कर शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के साथ संवाद करना और उन्हें इस पहल से जोड़ना है। इसके बाद जनवरी में शिक्षक महाकुंभ आयोजित करने की योजना है, जिसमें शिक्षा जगत के साथ मीडिया वर्ग को भी शामिल किया जाएगा।
इस पहल की शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष भीम सिंह चौहान और हरीश चंद्र जोशी ने सराहना करते हुए इसे जरूरत के समय शिक्षा और मीडिया जगत से जुड़े लोगों के लिए उपयोगी कदम बताया। उन्होंने संगठन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

👁 997 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *