महापौर दीपक बाली के प्रयासों के चलते अब चमक उठेगा छठ पूजा स्थल: अधिकारियों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण

छठ पूजा स्थल के साथ दो किमी क्षेत्र के विकास पर खर्च होंगे करीब 10 करोड़ रुपये

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। काशीपुर-बाजपुर रोड स्थित महादेव नहर के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण को लेकर नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। महापौर दीपक बाली ने नगर निगम, सिंचाई विभाग के अधिकारियों, क्षेत्रीय पार्षदों और आर्किटेक्ट संस्था के प्रतिनिधियों के साथ नहर का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा की।
महापौर ने बताया कि कुण्डेश्वरी रोड से प्रकाश सिटी के सामने खड़कपुर क्षेत्र तक करीब दो किलोमीटर नहर क्षेत्र को विकसित करने का प्रस्ताव है। इस पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर स्वीकृति के लिए भेजने की तैयारी है। नहर का धार्मिक महत्व देखते हुए यहां छठ पूजा के लिए बेहतर सुविधाओं के साथ इसे पूरे वर्ष आम जनता के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। परियोजना में नहर की सफाई, गंदे पानी की निकासी, सौंदर्यीकरण, लोगों के टहलने व घूमने के लिए सुविधाएं और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया जाएगा। नहर में गंदा पानी डालने और अतिक्रमण रोकने के उपाय भी किए जाएंगे। महापौर ने लोगों से नहर को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की। महापौर ने बताया कि एसआरएफ से द्रोणासागर तक बने बाईपास के निर्माण से बची एक करोड़ 95 लाख रुपये की राशि से बाईपास मार्ग का भी सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी, विकास प्राधिकरण और सीडीओ स्तर पर सहमति बन चुकी है तथा कार्ययोजना तैयार की जा रही है। भाजपा नेता अमित सिंह ने महादेव नहर के विकास की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि छठ महापर्व पूर्वांचल समाज की आस्था से जुड़ा है। नहर के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र एक बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में भी विकसित होगा। इस मौके पर काशीपुर नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल पार्षद अनूप प्रताप, कुलदीप शर्मा अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग अमित कुमार गुप्ता, सहायक अभियंता गोविंद सिंह अजय सिंह सलमान भाजपा नेता अरविंद राव, कमलेश कुमार, चौधरी समरपाल सिंह, , सहायक अभियंता नगर निगम राजू कुमार वर्क एजेंट अभिषेक , आर्किटेक्ट संस्कृति एवं सारांश सक्सैना समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

👁 971 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *