जिलास्तरीय प्रतियोगिता में बालिका टीम ने जीता स्वर्ण, बालक टीम रही उपविजेता; राज्यस्तर पर छह खिलाड़ियों का राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल, काशीपुर के खिलाड़ियों ने शूटिंग बॉल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और ऊधम सिंह नगर का नाम रोशन किया है। विद्यालय में आयोजित अंडर-19 जिलास्तरीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप में बालिका टीम ने स्वर्ण पदक के साथ विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि बालक टीम ने रजत पदक हासिल कर उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की। 3 अक्टूबर को आयोजित जिलास्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय की दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। बालिका टीम के शानदार प्रदर्शन ने उसे प्रतियोगिता का विजेता बनाया, वहीं बालक टीम ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके बाद आयोजित अंडर-19 राज्यस्तरीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप में होली एंजल पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने ऊधम सिंह नगर जिले की टीम का प्रतिनिधित्व किया। राज्यस्तरीय मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन जारी रखा और टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए रजत पदक एवं ट्रॉफी हासिल की। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम यह रहा कि विद्यालय के छह खिलाड़ियों का चयन 27 नवंबर को होने वाली राष्ट्रीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप के लिए किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर चयन विद्यालय के खिलाड़ियों की प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण माना जा रहा है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह एवं प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने चयनित एवं पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा समस्त विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने छह खिलाड़ियों के राष्ट्रीय चयन को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके आगामी प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों की सफलता विद्यालय के लिए गौरव का विषय : अमित सिंह
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अमित सिंह ने शूटिंग बॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, लगन और टीम भावना के चलते विद्यालय को यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। जिलास्तर पर बालिका टीम का स्वर्ण पदक और बालक टीम का रजत पदक जीतना तथा राज्यस्तर पर ऊधम सिंह नगर की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक हासिल करना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छह खिलाड़ियों का राष्ट्रीय शूटिंग बॉल चैंपियनशिप के लिए चयन होना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों से राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, काशीपुर और ऊधम सिंह नगर का नाम रोशन करने का आह्वान किया। साथ ही प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की।




