चार दशक की निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता को मिला सम्मान
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। देश की स्वतंत्रता के लिए अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष करने वाले काशीपुर के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पंडित किशोरी लाल गुड़िया की 125वीं जयंती के अवसर पर सम्मानित गुड़िया परिवार द्वारा उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के प्रेक्षागृह में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सामाजिक योगदान देने वाली अनेक विशिष्ट हस्तियों को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पटका भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 40 वर्षों तक निष्पक्ष, निडर एवं बेदाग छवि के साथ उल्लेखनीय योगदान देने के लिए वरिष्ठ पत्रकार सुरेश शर्मा (पूर्व ब्यूरो चीफ, दैनिक जागरण) को ‘स्व. पंडित किशोरी लाल गुड़िया स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा तथा दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।

सम्मान ग्रहण करने के पश्चात वरिष्ठ पत्रकार सुरेश शर्मा ने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन से लेकर काशीपुर क्षेत्र के विकास और सामाजिक उत्थान में गुड़िया परिवार का योगदान सदैव प्रेरणादायी एवं स्मरणीय रहेगा। उन्होंने इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए गुड़िया परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता उनके लिए केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जनहित और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का माध्यम रही है। श्री शर्मा ने कहा कि अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में उन्होंने तराई क्षेत्र में बढ़ते आतंकवाद, पृथक उत्तराखंड राज्य आंदोलन, भू-अध्यादेश, काशीपुर में गैंगवार सहित अनेक ज्वलंत और संवेदनशील मुद्दों पर निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता की है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को सही दिशा देना और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाना है। समारोह में क्षेत्र की अनेक गणमान्य हस्तियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित किशोरी लाल गुड़िया के राष्ट्रप्रेम, त्याग और समाजसेवा के आदर्शों को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।




