रामनगर रोड निर्माण को मंजूरी, मई के दूसरे सप्ताह से शुरू होगा कार्य

16.81 करोड़ रुपयों की लागत से बनेगी सड़क, फोरलेन योजना भी जारी

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। शहर के बहुप्रतीक्षित काशीपुर-रामनगर रोड निर्माण को मंजूरी मिल गई है। यह जानकारी महापौर दीपक बाली ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि किमी 0 से 24 तक बनने वाली इस सड़क के लिए करीब 16 करोड़ 81 लाख रुपयों की लागत स्वीकृत की गई है तथा शासनादेश जारी हो चुका है। एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और 10 अप्रैल के आसपास टेंडर जारी होने के बाद मई के दूसरे सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। महापौर ने इस परियोजना का श्रेय प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से केंद्र सरकार के संबंधित विभाग से स्वीकृति मिल सकी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से खराब हालत में पड़ी यह सड़क लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई थी, जिसे अब प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा। उन्होंने बताया कि रामनगर रोड को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया भी जारी है। भूमि अधिग्रहण और वन विभाग से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। फोरलेन निर्माण में लगभग दो से ढाई वर्ष का समय लग सकता है, इसलिए फिलहाल टू-लेन सड़क का निर्माण कर जनता को शीघ्र राहत दी जाएगी। रामनगर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज परियोजना पर भी कार्य प्रगति पर है। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा के अनुसार, यह परियोजना दिसंबर 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है। प्रेस वार्ता में रोडवेज बस अड्डे की स्थिति और पानी की समस्या का मुद्दा भी उठा, जिस पर महापौर ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही नए आईएसबीटी के लिए बाजपुर रोड और मुरादाबाद रोड क्षेत्र में भूमि चिन्हित करने की बात कही।।अतिक्रमण और तहबाजारी शुल्क को लेकर महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा निर्धारित दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 24 फीट तक 50 रुपये, 48 फीट तक 75 रुपये तथा उससे अधिक क्षेत्र पर 150 रुपये शुल्क तय है। यदि कहीं अधिक वसूली की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अंत में उन्होंने कहा कि काशीपुर में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और नागरिकों को जल्द बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *