कशीपुर के मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में मदर्स डे पर भावनाओं का उमड़ा सैलाब

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भावुक नाटक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम को बनाया यादगार

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। नगर के सुप्रसिद्ध मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में मदर्स डे बड़े ही उत्साह, उल्लास और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट और आकर्षक मंच से विशेष रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जा मंत्री सीमा चौहान एवं विशेष अतिथि डॉ. शिखा चौहान द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के चेयरमैन डॉ. गौरव गर्ग, प्रबंधिका शिल्पी गर्ग एवं प्रधानाचार्या दीपिका अग्रवाल ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत नर्सरी एवं एलकेजी के बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों ने “मेरी दुनिया” और “तू कितनी अच्छी है मां” गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। छोटे बच्चों की मासूम अदाओं और भावपूर्ण अभिनय को देखकर कई माताएं भावुक हो उठीं। यूकेजी के विद्यार्थियों ने “तुझमें रब दिखता है” गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को और भावनात्मक बना दिया। वहीं कक्षा छह के छात्र ध्रुवराज सिंह ने अंग्रेजी में मां के महत्व पर प्रभावशाली भाषण देते हुए कहा कि मां बच्चे की पहली शिक्षक और सबसे बड़ी प्रेरणा होती है। इसके बाद कक्षा एक के विद्यार्थियों ने “बंधन दिलों का टूटता नहीं” गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। वहीं कक्षा चार एवं पांच के विद्यार्थियों ने “ऐसी होती है मां” गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। कक्षा पांच की छात्रा मनी चौहान ने मां पर आधारित मार्मिक कविता प्रस्तुत की, जिसमें मां के संघर्ष, त्याग और ममता का सुंदर चित्रण किया गया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा छह एवं सात के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण नाटक रहा। नाटक में दिखाया गया कि किस प्रकार मां अपने बच्चों की खुशियों के लिए हर कठिनाई का सामना करती है और अपने सुखों का त्याग कर देती है। नाटक समाप्त होते ही पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। इसके अलावा कक्षा छह एवं आठ की छात्राओं ने नृत्य के माध्यम से मां के प्रेम और समर्पण को खूबसूरती से मंचित किया। अंत में प्रधानाचार्या दीपिका अग्रवाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और पारिवारिक मूल्यों का भी विकास करता है। कार्यक्रम का समापन समूह छायाचित्र एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

माताओं के लिए प्रतियोगिताएं और फायरलेस कुकिंग बनी आकर्षण का केंद्र

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विशेष अतिथि डॉ. शिखा चौहान ने अपने संबोधन में विद्यालय की नई शाखा बांसखेड़ा खुर्द में शुरू होने की जानकारी देते हुए अभिभावकों का सहयोग और विश्वास बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया। मातृ दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में माताओं के लिए कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं एवं खेल भी आयोजित किए गए। “मदर्स रैम्प वॉक” प्रतियोगिता में कक्षा एक की छात्रा काकुल की माता काजल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। “फॉलो द इंस्ट्रक्शन” गेम में सुरभि अग्रवाल तथा “नंबर डाइस गेम” में माया कुमारी विजेता रहीं। कार्यक्रम की सबसे खास गतिविधियों में “फायरलेस कुकिंग एक्टिविटी” शामिल रही। बच्चों ने अपनी माताओं के लिए बिना गैस के भेलपुरी, कस्टर्ड, मोनाको सैंडविच और ओरियो ब्रेड रोल जैसे स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए। बच्चों के इस स्नेहपूर्ण प्रयास को देखकर माताएं बेहद खुश नजर आईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर मां के प्रति सम्मान, प्रेम और भावनाओं से सराबोर दिखाई दिया।

मां का प्रेम निस्वार्थ और अनमोल होता है: सीमा चौहान

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। मुख्य अतिथि सीमा चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि मां का स्थान इस संसार में सबसे ऊंचा और सम्माननीय होता है। मां केवल बच्चे को जन्म ही नहीं देती, बल्कि अपने प्रेम, त्याग और समर्पण से उसके जीवन को संवारने का कार्य भी करती है। उन्होंने कहा कि मां का प्रेम निस्वार्थ, पवित्र और अनमोल होता है, जिसकी तुलना दुनिया की किसी भी दौलत से नहीं की जा सकती। मां अपने बच्चों की खुशियों के लिए हर कठिनाई और संघर्ष को मुस्कुराते हुए सहन करती है तथा अपने सुखों का त्याग कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करती रहती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का कर्तव्य है कि वह अपनी मां के त्याग, संघर्ष और ममता को समझे तथा उनका सदैव सम्मान करे। मां ही बच्चे की पहली गुरु होती है, जो उसे संस्कार, अनुशासन और जीवन के सही मूल्यों की शिक्षा देती है। उन्होंने माताओं से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें, उन्हें नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक बनाएं और समाज में एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दें। सीमा चौहान ने कहा कि मां और बच्चे का रिश्ता दुनिया का सबसे मजबूत और पवित्र रिश्ता होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *