योगासन एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश, विद्यार्थियों ने दिखाई विशेष रुचि
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। रामनगर रोड स्थित स्ट्रैटेन वर्ल्ड स्कूल, काशीपुर में आज 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का विशेष वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को निरोग, ऊर्जावान एवं तनावमुक्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मन को शांत एवं एकाग्र भी करता है। इस अवसर पर विद्यालय की सह-प्रबंधिका शिरीन सैनी एवं प्रधानाचार्य सुरेंद्र भारद्वाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है और यही सफलता की वास्तविक कुंजी है। कार्यक्रम में समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
योग स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला : हरप्रीत कौर

कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्ट्रैटेन वर्ल्ड स्कूल की प्रबंधिका हरप्रीत कौर ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। हरप्रीत कौर ने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाता है, बल्कि मन को एकाग्र, शांत एवं सकारात्मक भी बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, जिससे उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं।




