12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सैकड़ों ग्रामीणों शामिल होकर लिया योग का संकल्प

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज सूर्या फाउंडेशन आदर्श गांव योजना द्वारा ग्राम टीला में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं महिलाओं ने सहभागिता कर योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन योगाचार्या बहन सिमरजीत कौर द्वारा किया गया, जिन्होंने ऑल इंडिया योग प्रतियोगिता में 10वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। योगाचार्या सिमरजीत कौर ने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो वह अनेक बीमारियों से दूर रहकर स्वस्थ, ऊर्जावान और।सकारात्मक जीवन जी सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नियमित योग करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भरतपुर मेघवाला मंडल अध्यक्ष राजकुमार गुंबर उपस्थित रहे। उनके साथ पिछड़ा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुनील कश्यप, ग्राम प्रधानपति विनोद फौजी, सूर्या फाउंडेशन उत्तराखंड क्षेत्र प्रमुख हिमांशु, स्वरोजगार प्रमुख भरत साह, कृषि कार्य प्रमुख सुनील कुमार, कंप्यूटर शिक्षिका अमनदीप कौर, नेहा, गौरव, सचिन सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और विश्व के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे अपनाकर स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। सूर्या फाउंडेशन आदर्श गांव योजना द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की ग्रामीणों ने सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जनजागरण कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।




