बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और फीस में छूट
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के साथ अन्य छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईएम के डीन डॉ. कुणाल गांगुली, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल, प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी, इवेंट कोऑर्डिनेटर रेखा सिंह तथा सीनियर विंग कोऑर्डिनेटर रीना चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि डॉ. कुणाल गांगुली ने विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताते हुए भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के गुरु-शिष्य संबंध का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर सीखने, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के प्रेरणादायी विचारों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। कक्षा 12वीं में विज्ञान वर्ग के प्रिंस ने 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्हें 21 हजार रुपये की धनराशि से सम्मानित किया गया। विज्ञान वर्ग की अनुरीत कौर (94.8%), वाणिज्य वर्ग के भाविक कुमार (90.6%) और कला वर्ग की वंशिका सिंह (92.8%) को 11-11 हजार रुपये, प्रमाणपत्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। कक्षा 10वीं में भावेश दीक्षित और चैतन्य नक्षत्र अग्रवाल ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। दोनों विद्यार्थियों को ट्यूशन फीस में 100 प्रतिशत छूट प्रदान की गई। वहीं विधाता सारंग, वर्तिका चौहान, मो. हम्माद, अंतस गुप्ता और शताक्षी पाठक ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इन्हें प्रमाणपत्र व स्मृति चिह्न के साथ ट्यूशन फीस में 50 प्रतिशत छूट दी गई।
बुलंद हौसलों से विशाल दरिया भी लांघा जा सकता है और मेहनत-लगन से सपनों को हकीकत में बदला जा सकता है।
अंत में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्या एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षकों ने मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मेधावियों की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन ने जताया गर्व, शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया उपलब्धि
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल ने विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी गोयंकन्स, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह अभूतपूर्व सफलता उनके अनुशासन, लगन और अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को प्रदान किए गए विस्तृत एवं उत्कृष्ट ज्ञान तथा मार्गदर्शन की भी सराहना की।।वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा, ज्ञान एवं स्मरण शक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल विद्यार्थियों की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि विद्यालय के समर्पित शिक्षकों, सहयोगी अभिभावकों और विद्यार्थियों के अटूट दृढ़ संकल्प के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।







