केपीसी संस्थापक महोत्सव के दूसरे दिन खेलों में दिखा उत्साह, विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन

शतरंज, कैरम एवं रस्सी कूद जैसी प्रतियोगिताओं में वि‌द्यार्थियों ने दिखाया कौशल और खेल भावना

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट, काशीपुर में आयोजित केपीसी संस्थापक महोत्सव-2026 के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा, एकाग्रता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। चार दिवसीय इस महोत्सव के दूसरे दिन विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल रहा। दूसरे दिन आयोजित शतरंज, कैरम एवं रस्सी कूद जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शतरंज की बिसात पर विद्यार्थियों ने अपनी रणनीतिक सोच और एकाग्रता का परिचय दिया, वहीं कैरम में सटीक निशाने और धैर्य की परीक्षा हुई। रस्सी कूद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने फुर्ती, संतुलन और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल तथा जागृति पब्लिक स्कूल, काशीपुर के प्रबंधक कौशल किशोर पंत ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होकर वि‌द्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अलका पाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने के साथ-साथ आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कौशल किशोर पंत ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में सहभागिता भी आवश्यक है। उन्होंने केपीसी द्वारा आयोजित इस व्यापक महोत्सव की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उत्साह और विद्यालय की आयोजन क्षमता की प्रशंसा की।

महोत्सव में ‘संस्थापक लीग’ के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर अंक अर्जित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों और सदनों के बीच यह प्रतिस्पर्धा महोत्सव के उत्साह को और बढ़ा रही है। अब महोत्सव के तीसरे दिन एथलेटिक्स, सृजनात्मकता एवं नवाचार आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 31 अगस्त को भव्य समापन समारोह में संस्थापक चुनौती, संस्थापक प्रदर्शनी यात्रा तथा विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। केपीसी संस्थापक महोत्सव-2026 के दूसरे दिन वि‌द्यार्थियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर यह संदेश दिया कि सीखना केवल कक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि मैदान और जीवन के प्रत्येक अनुभव से भी होता है।

विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने कहा कि फाउंडर्स फेस्टिवल का उ‌द्देश्य विद्यार्थियों को केवल प्रतिस्पर्धा का अवसर देना नहीं, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों को जीवन में चुनौतियों का सामना करने और जीत-हार को सकारात्मक दृष्टिकोण से स्वीकार करने की सीख देते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल ने कहा कि महोत्सव के प्रत्येक चरण को विद्यार्थियों की विविध प्रतिभाओं को सामने लाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि दूसरे दिन की प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि उन्हें अवसर मिलने पर वे अपनी क्षमताओं को पूरी ऊर्जा के साथ सामने रखते हैं।

 

👁 2,217 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *