राधे हरि कॉलेज प्रथम, एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी द्वितीय और होली एंजेल एवं उड़ान फाउंडेशन सयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। बालिकाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘अस्मिता खेलो इंडिया मिशन’ के तहत रविवार को एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी में सेपक टकरा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्तराखंड सेपक टकरा एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों की बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिका खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना, उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना तथा सेपक टकरा जैसे खेल को अधिक लोकप्रिय बनाना रहा। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों की 100 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ में एक ओंकार ग्लोबल स्कूल के प्रबंधक सुखविंदर सिंह द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन में रहकर खेलने हेतु उत्साहित किया। प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैच एक ओंकार ग्लोबल स्कूल तथा उड़ान फाउंडेशन के मध्य खेला गया जिसमे एक ओंकार ग्लोबल स्कूल ने उड़ान फाउंडेशन को सीधे सेटों में 2-0 से हराया। प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मैच होली एंजल पब्लिक स्कूल तथा राधे हरि कॉलेज के मध्य खेला गया जिसमें राधे हरि कॉलेज ने होली एंजल पब्लिक स्कूल को सीधे सेटों में 2-0 से हराया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एक ओंकार ग्लोबल स्कूल तथा राधे हरि कॉलेज के बीच खेला गया। जिसमें राधे हरि कॉलेज विजेता रहा। एक ओंकार ग्लोबल स्कूल उपविजेता रहा। सेमीफाइनल में हारी होली एंजेल पब्लिक स्कूल और उड़ान फाउंडेशन सयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता के समापन के अवसर पर विजेंद्र चौधरी अध्यक्ष सिलेक्शन कमेटी एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड के द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल तथा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। सेपक टाकरा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के चेयरमैन डॉ. नागेंद्र शर्मा ने बताया कि यह आयोजन भारत सरकार के अस्मिता कार्यक्रम के तहत क्षेत्र की बालिकाओं को खेलों से जोड़ने के लिए किया गया है। भविष्य में भी समय समय पर एसे कार्यक्रम संघ द्वारा आयोजित किए जाते रहेगे। इस अवसर पर उत्तराखंड सेपक टकरा एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.पी. शर्मा, सचिव आनंद सिंह रावत, जिला सेपक टकरा एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र शर्मा, ज्ञानार्थी कॉलेज के अकेडमिक डॉयरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा, एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह, प्रधानाचार्य एस.एस. जॉनसन, अमन कनौजिया सहित खेल एवं शिक्षा जगत से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रगति दुमका,कशिश शर्मा ,जया पांडे श्वेता भकुनी ,मजोत कौर , सावन महरोत्रा, गौरव बिनवाल, योगेश पांडेय, चेतन भट्ट, लोकेश पांडेय, पप्पू बिष्ट शामिल रहे।
खेलों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी देश के लिए गौरव की बात : विजेंदर चौधरी
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। उत्तराखंड एथलेटिक्स सिलेक्शन कमेटी के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि विजेंदर चौधरी ने कहा कि ‘खेल से ही है पहचान’ की भावना के साथ आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं बालिका खिलाड़ियों के लिए प्रतिभा प्रदर्शन का महत्वपूर्ण मंच हैं। खेलों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाती है, बल्कि देश के खेल भविष्य को भी मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं छोटे शहरों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। सेपक टकरा जैसे खेलों को बढ़ावा देने से नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा। विजेंदर चौधरी ने कहा कि खेलो इंडिया अभियान के माध्यम से देशभर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताते हुए खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
खेल प्रतिभाओं को अवसर देना हमारी प्राथमिकता : चेयरमैन सुखविंदर सिंह
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास का सशक्त आधार हैं। बालिकाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ‘अस्मिता खेलो इंडिया मिशन’ के तहत एकेडमी में सेपक टकरा प्रतियोगिता का आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बेटियों ने जिस उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया, वह सराहनीय है। सुखविंदर सिंह ने कहा कि एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व देती है। विद्यालय भविष्य में भी बालिका खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।








