जीडी गोयंका स्कूल के छात्रों ने संभाली स्वच्छता की कमान, चैती मैदान में चला विशेष अभियान

मेयर दीपक बाली के नेतृत्व में नगर निगम का अभियान, विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता का सशक्त संदेश

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। चैती मेले के समापन के बाद आज बुधवार को चैती मैदान में आयोजित स्वच्छता अभियान में जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल काशीपुर के छात्र-छात्राओं ने उत्साह और जिम्मेदारी के साथ भाग लेकर स्वच्छता की अनूठी मिसाल पेश की। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने इस अभियान को न केवल सफल बनाया, बल्कि समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम भी बना। नगर निगम द्वारा आयोजित इस अभियान का नेतृत्व नगर मेयर दीपक बाली ने किया। अभियान का उद्देश्य चैती मेले के दौरान फैले कूड़े-कचरे को हटाकर मैदान और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाना था, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। मेयर दीपक बाली ने इस अवसर पर कहा, “वातावरण को स्वच्छ बनाना है, भविष्य को उज्ज्वल बनाना है।” उन्होंने स्वयं झाड़ू उठाकर और कूड़ा एकत्रित कर यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक सामूहिक संकल्प है। उनके इस कदम ने वहां मौजूद लोगों और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह भर दिया।

स्वच्छता अभियान के दौरान जीडी गोयंका स्कूल के विद्यार्थियों ने अनुशासन और समर्पण का परिचय देते हुए नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए मास्क और दस्ताने पहनकर मैदान में फैले कूड़े को एकत्रित किया। उन्होंने कूड़े को एक निर्धारित स्थान पर जमा किया और पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्चों ने “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” तथा “हम सबका एक ही नारा, स्वच्छ बने शहर हमारा” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों को सामाजिक सरोकारों और नैतिक मूल्यों से भी जोड़ा जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, अनुशासन और समाज के प्रति संवेदनशीलता विकसित करते हैं, जो उन्हें एक बेहतर नागरिक बनने में सहायक होते हैं।

नगर निगम के इस सराहनीय प्रयास ने जहां चैती मैदान को स्वच्छ बनाने में सफलता हासिल की, वहीं शहरवासियों को भी यह संदेश दिया कि स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। इस अभियान ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब प्रशासन और समाज मिलकर कार्य करते हैं, तो सकारात्मक बदलाव अवश्य संभव होता है।

इस अवसर पर स्कूल की इवेंट कोऑर्डिनेटर रेखा सिंह, मिडिल विंग कोऑर्डिनेटर अंजू चावला, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *